कांग्रेस के नेहरू, मोदी और पायजामा तंज पर बीजेपी का पलटवार, कमलनाथ को कैप्टन अभिमन्यु की नसीहत, 1962 की हार को बताया नेहरू की अदूरदर्शिता

चंडीगढ़,
15 अप्रैल, 2019 

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और मध्य प्रदेश (एमपी) के मुख्यमंत्री कमलनाथ के विवादित बयान जिसमें उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर तंज कसते हुए कहा था कि “जिस समय मोदी ने पजामा पहनना भी नहीं सीखा था, तब जवाहरलाल नेहरूजी ने भारतीय फौज बना दी थी”, पर राजनीतिक बवाल मचा हुआ है।

कांग्रेस के इस तंज को भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने आड़े हाथों लिया है।

हरियाणा के वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने कांग्रेस के इस तंज पर पलटवार करते हुए न सिर्फ कमलनाथ को अपने इतिहास की जानकारी ठीक करने की नसीहत दी है बल्कि राष्ट्रीय सुरक्षा को लेकर आजाद भारत में हुई गलतियों को लेकर नेहरू के अदूरदर्शी नेतृत्व पर भी जमकर निशाना साधा है।

कैप्टन अभिमन्यु ने सोशल मीडिया पर जारी एक बयान में कहा है- “नेहरु जब इंग्लैण्ड में मौज कर रहे थे तब भी भारतीय सेनाएं प्रथम विश्व युद्ध में लड़ाई लड़ रही थी। कमलनाथ जी को अपने इतिहास की जानकारी ठीक कर लेनी चाहिए। अगर नेहरु ने 1947 में UNO (संयुक्त राष्ट्र संघ) जाने की ग़लती नहीं की होती तो केवल एक और सप्ताह में भारतीय सेना POK (पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर) को भी पाक के कब्जे से छुड़वा लेती। अगर नेहरु ने सेना की मजबूती और राष्ट्रीय सुरक्षा पर ध्यान दिया होता तो 1962 में चीन के साथ युद्ध के अलग परिणाम होते क्योंकि तब चीन की सेना हमारे मुकाबले अधिक मज़बूत नहीं थी। नेहरू की खुशफहमी की भारत को बड़ी कीमत चुकानी पड़ी है जिसे देशवासी कभी भी भूल नहीं सकते।”

गौरतलब है कि कमलनाथ ने रविवार को एक चुनावी सभा के दौरान विवादित बयान देते हुए प्रधानमंत्री मोदी पर तंज कसा था और कहा था कि जब उन्होंने (मोदी) पायजामा-पैंट पहनना सीखा नहीं था, तब पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू और इंदिरा गांधी ने इस देश की फौज, एयरफोर्स और नेवी बनाई थी।

Leave a Comment