लुप्त होती कला को बचाने के लिए होगा ‘सांझी उत्सव’ आयोजन

चंडीगढ़,

6 अक्टूबर

हरियाणा की लुप्त होती सांझी कला को बचाने के लिए प्रदेश के कला एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग के माध्यम से 15 से 24 अक्टूबर तक सांझी उत्सव का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सांझी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जाएगा।

प्रतियोगिता में 51 हजार रुपए तक के इनाम भी दिए जाएंगे। साथ ही सांझी बनाने वाली दो महिलाओं को सांत्वना पुरस्कार के तौर पर 11-11 हजार रुपए के इनाम मिलेंगे।

कला एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग, हरियाणा के प्रवक्ता ने इस संबंध में जानकारी देते हुए सांझी उत्सव में सांझी प्रतियोगिता का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें राज्य की महिलाएं भाग ले सकेंगी। विजेता महिला को प्रथम पुरस्कार के रूप में 51 हजार रुपए, द्वितीय पुरस्कार 31 हजार रुपए तथा तृतीय पुरस्कार 21 हजार रुपए मिलेंगे। इसके अलावा 11-11 हजार रुपए के दो सांत्वना पुरस्कार भी दिए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि नौ दिवसीय इस उत्सव में सांझी के गीत व सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आयोजित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि सांझी हरियाणा की लोक पारंपरिक कला का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जो महिलाओं द्वारा नवरात्रों के दौरान दीवारों पर बनाई जाती रही हैं। वर्तमान में यह कला लुप्त होती जा रही है। इस कला को जीवित रखने के लिए कला एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग की ओर से प्रतिवर्ष सांझी उत्सव तथा प्रतियोगिता का आयोजन कराया जाता है, जिसमें महिलाएं बढ़-चढ़ कर भाग लेती हैं।

 

Leave a Comment