चंडीगढ़,
12 अप्रैल, 2019
देश इस वर्ष अपना सबसे बड़ा लोकतान्त्रिक उत्सव मना रहा है, लोकसभा चुनाव हैं और चुनावों के मद्देनज़र अपनी-अपनी सहूलियत के हिसाब से राजनीतिक दल गठबंधन के तहत इकट्ठे भी हो रहे हैं ऐसा ही एक गठबंधन आज हरियाणा की राजनीति में अस्तित्व में आया है.
अरविन्द केजरीवाल की आम आदमी पार्टी (आप) ने जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) से हाथ मिला लिया है.
आप-जेजेपी गठबंधन की घोषणा एक साँझा प्रेस वार्ता के ज़रिये आज दिल्ली में हुई.
प्रेस वार्ता में आप की हरियाणा इकाई के अध्यक्ष नवीन जयहिन्द ने कहा कि आप और जजपा का गठबंधन एक नए राजनीतिक विकल्प के रूप में प्रदेश की जनता के सामने होगा. दोनों ही पार्टियाँ समान विचारधारा की हैं.
भाजपा पर हरियाणा में जातिवाद का जहर फैलाने व सेना पर राजनीति करने का आरोप लगाते हुए जयहिंद ने दावा किया कि आप-जजपा गठबंधन हरियाणा में भाजपा व कांग्रेस दोनों पर भारी पड़ेगा.
गौरतलब है कि हरियाणा में मायावती की बहुजन समाज पार्टी (बसपा) व भाजपा से बाग़ी होकर लोकतंत्र सुरक्षा पार्टी (लोसुपा) बनाने वाले कुरुक्षेत्र सांसद राजकुमार सैनी ने भी हरियाणा में हाथ मिलाया हुआ है.