चंडीगढ़,
24 जनवरी, 2019
आगामी लोकसभा और विधासभा चुनावों के मद्देनजर हरियाणा में डोर-टू-डोर अभियान के लिए आम आदमी पार्टी (आप) व इसके मुखिया अरविन्द केजरीवाल प्रशिक्षण कार्यक्रम के जरिये दिल्ली में अपने सिपाही तैयार कर रहे हैं।
इसी मुहीम के तहत आम आदमी पार्टी में सक्रिय जिम्मेदारी निभाने के लिए तैयार हुए करीब 1,100 नये कार्यकर्ताओं को हरियाणा में डोर-टू-डोर अभियान के लिए के लिए प्रशिक्षित किया गया। यह दूसरे चरण का प्रशिक्षण कार्यक्रम था जो दिल्ली में हुआ। दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने खुद इन कार्यकर्ताओं को डोर-टू-डोर कैंपेन के लिए प्रशिक्षित किया।
प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि कार्यकर्ताओं को किस तरह गावों में जाकर टीमें बनानी हैं। टोपी लगाकर समूह में लोगों के पास जाना है। उनसे विभिन्न मुद्दों पर किस तरह से चर्चा करनी है। प्रशिक्षण में कार्यकर्ताओं को विशेषतौर पर बताया गया कि जब आप गांव में जाकर लोगों से विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करते हैं तो टारगेट पूरा करने जैसी कोई जल्दबाजी नहीं करनी है। लोगों को अपनी बात रखने का अच्छे से मौका देना है जिससे लोग अपना दुःख-दर्द साझा कर सकें।
केजरीवाल ने दावा किया कि ये सभी हरियाणा में आम आदमी पार्टी की सरकार बनवाने के संकल्प के साथ सक्रिय भूमिका निभाने के लिए तैयार हुए हैं। केजरीवाल ने ये भी कहा कि करीब 4 साल पहले दिल्ली के लोगों ने राजनीति बदली थी, आम आदमी पार्टी की सरकार बनाने के लिए दिल्ली में लोग खासकर युवा घर-घर गये थे। ऐसा ही हरियाणा में भी करना है।
हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष नवीन जयहिंद ने कहा कि हमारा एक-एक कार्यकर्ता हजार के बराबर है। लेकिन डोर-टू-डोर के इस प्रशिक्षण के बाद हमारा एक-एक कार्यकर्ता 10 हजार के बराबर हो जाता है। उन्होंने ये भी कहा कि बाकी पार्टियों के कार्यकर्ताओं से हमारे कार्यकर्ता इस मायने में अलग हैं क्योंकि हम सब नि:स्वार्थ भाव से जुनून के साथ राष्ट्र की सेवा में लगे हुए हैं।