विपक्ष के पास न नेता, न नीति और न ही नीयत: कैप्टन अभिमन्यु





चंडीगढ़, 
24 मार्च, 2019

प्रदेश के वित्त मत्री कैप्टन अभिमन्यु ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा है कि आज विपक्ष के पास कोई नेता, नीति और नीयत नहीं है। विपक्ष केवल लूट खसोट के लिए सत्ता हथियाने का असफल प्रयास कर रहा है।

अभिमन्यु आज हांसी शहर और नारनौंद विधानसभा के सिसाय गांव में कार्यक्रमों में भाग लेने के दौरान लोगों से रूबरू हो रहे थे।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर जिस तरह की भाषा का प्रयोग कर रहे हैं, देश की जनता ऐसी भाषा और शब्दों को कभी स्वीकार नहीं करेगी। देश की जनता इस समय पूरी तरह से प्रधानमंत्री मोदी के साथ है। किसी युवराज और शहजादे की संस्कृति को सत्ता नहीं देगी।

प्रदेश की राजनीति पर बोलते हुए कैप्टन ने कहा कि आज प्रदेश में विपक्ष पूरी तरह से बिखर चुका है। इनेलो ने हमेशा भाजपा विरोधी राजनीति की है। अब यह पार्टी खुद ही पूरी तरह से बिखर चुकी है। यही स्थिति कांग्रेस की है। कांग्रेस आलाकमान ने अपनी पार्टी के नेताओं को बस में हरियाणा भ्रमण के लिए भेजा है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अशोक तंवर के साथ बस में ऐसे लोग भी सवार होंगे, जिन्होंने पहले भी उनकी गर्दन को तोड़ने का काम किया था। जब तक बस यात्रा पूरी नहीं होती, मुझे अशोक तंवर की सुरक्षा की चिंता रहेगी।

कुलदीप बिश्नोई के भाजपा में शामिल होने के सवाल पर कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि कांग्रेस की इस टूटी-फूटी बस में कोई सवार होने को तैयार नहीं। भाजपा की रेल तेज चल रही है, आगे बढ़ रही है और गति पकड़ रही है और इसमें हर कोई चढ़ना चाहता है। उन्होंने कहा कि भारत माता की जय बोलकर, देश की सेवा के लिए, परिवारवाद के विरोध में और जातिवाद को हराने में हमारा साथ देना चाहे, ऐसे लोगों का भाजपा में स्वागत है।

Leave a Comment