जल्द ही अंबाला से उड़ान भरेंगे जहाज, अयोध्या के लिए शुरू होगी पहली फ्लाइट

चंडीगढ़,

हरियाणा के नागरिक उड्डयन मंत्री डॉ कमल गुप्ता ने कहा है कि बड़ी तेजी से अंबाला के सिविल एन्क्लेव (घरेलू हवाई अड्डा) का निर्माण कार्य किया जा रहा है और अगस्त महीने से ही यहां से अयोध्या के लिए पहली फ्लाइट शुरू होगी। मंत्री डॉ कमल गुप्ता आज अंबाला सिविल एन्क्लेव के निर्माणाधीन स्थल पर पहुंचे थे। इस दौरान उनके साथ हरियाणा के पूर्व गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री तथा अंबाला कैंट के विधायक अनिल विज भी साथ थे।

इस दौरान गुप्ता ने निर्माणाधीन स्थल का दौरा किया। उन्होनें पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों के साथ-साथ संबंधित एजेंसियों से निर्माण कार्य की प्रगति जानी और उन्हें निर्देश दिए कि वे बेहतर समन्वय बनाकर दिन-रात काम करवाकर सिविल एन्क्लेव (घरेलू हवाई अड्डा) के कार्य को पूरा करवाएं।

उन्होंने कहा कि जल्द ही यहां से अयोध्या के लिए पहली उड़ान भरी जाएगी और उसके बाद जम्मू या अन्य जगहों के लिए यहां से उड़ान भरी जाएगी।

इस मौके पर पूर्व गृह मंत्री व अंबाला छावनी से विधायक अनिल विज ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अम्बाला छावनी में अनेकों विकास कार्य रूपी परियोजनाओं का तोहफा देने का काम किया हैं। इन परियोजनाओं में सिविल एन्क्लेव (घरेलू हवाई अड्डा) परियोजना भी एक अहम तोहफा हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी क्षेत्र में हवाई अड्डा होने से विकास में तेजी आती हैं। पूरे क्षेत्र का विकास होता हैं, रोजगार के नए-नए अवसर उपलब्ध होते हैं।

उन्होंने कहा कि अधिकारियों ने उन्हें व मंत्री कमल गुप्ता को आश्वस्त किया है कि 15 अगस्त तक इस कार्य को पूरा कर लिया जाएगा और जल्द ही यहां से उड़ान भरी जाएगी।