जवाहरलाल नेहरु ने बोया कश्मीर में धारा 370 का बीज: मुख्यमंत्री खट्टर

कुरुक्षेत्र, 
20 अप्रैल, 2019

जम्मू-कश्मीर समस्या के लिए कांग्रेस पार्टी पर जमकर हमला बोलते हुए हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने आज कहा कि कश्मीर में धारा 370 का बीज देश के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने बोया था।

कुरुक्षेत्र लोकसभा से बीजेपी प्रत्याशी नायब सैनी का नामांकन भरने से पूर्व यहां आयोजित ‘विजय संकल्प रैली’ को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री खट्टर ने कश्मीर समस्या के लिए आज़ादी के बाद की कांग्रेस सरकार में शीर्ष नेतृत्व को पूर्णतया दोषी ठहराया और कहा कि भाजपा जम्मू कश्मीर से 370 धारा हटाना चाहती है जबकि कांग्रेस व अन्य पार्टियां धारा 370 लागू करने की पक्षधर हैं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस व उनकी सहयोगी पार्टियों ने जम्मू कश्मीर में भी अलग से प्रधानमंत्री बनाने की बात कही थी। अगर ऐसा होता है तो देश की सुरक्षा और सेना के लिए खतरा पैदा हो जाएगा। ऐसे हालातों में देश की जनता को कांग्रेस से चौकस रहना होगा।

मुख्यमंत्री खट्टर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुनिया में भारत की शक्ति बढ़ाने का काम किया है। नरेंद्र मोदी की अगुवाई में देश में सैनिक शक्ति और भारत की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है, जबकि कांग्रेस ने देश की सुरक्षा को खंडित करने का काम किया है। कांग्रेस सेना के अधिकारों को कम करने की बात करती है, जबकि भाजपा ने देश की सेना को मजबूत करने का काम किया है। अगर सेना की ताकत को कम किया तो देश की सुरक्षा खतरे में पड़ जाएगी इसलिए अगर देश को महाशक्ति बनाना है तो नरेंद्र मोदी को एक बार फिर देश की बागडोर सौंपनी होगी।

उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटलबिहारी वाजपेयी द्वारा पोखरण विस्फोट का हवाला देते हुए कहा कि वाजपेयी ने पोखरण विस्फोट से पूरे विश्व में भारत की शक्ति को दिखाने का काम किया था। आज भी हमें अपनी ताकत को दूसरे देशों को दिखाना होगा। उन्होंने कहा कि ये भारत की सैन्य ताकत का ही परिणाम था कि पुलवामा घटना के बाद भारतीय सेना ने तीन मिनट में 300 किलोमीटर जाकर दुश्मन के विमान को मार गिराया था। सेना की इस जाबांजी से दूसरे देशों की आंखें खुल गई थी।

Leave a Comment