बीजेपी के बाद अब इनेलो-बसपा गठबंधन ने जारी की मेयर प्रत्याशियों की सूची

चंडीगढ़,
4 दिसंबर, 2018


सत्तारूढ़ बीजेपी के बाद अब हरियाणा की मुख्य विपक्षी पार्टी इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) और उसकी वर्तमान सहयोगी बसपा ने भी प्रदेश के पाँच नगर निगमों में आगामी 16 दिसंबर को होने वाले निकाय चुनावों के लिए  महापौर (Mayor) पद के लिए प्रत्याशियों के नाम की घोषणा कर दी हैl

आज संयुक्त रूप से जारी की गयी एक प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से इनेलो प्रदेशाध्यक्ष अशोक अरोड़ा व बसपा प्रदेशाध्यक्ष प्रकाश भारती ने कहा कि यमुनानगर से संदीप गोयल, पानीपत से प्रियंका कश्यप, रोहतक से संचित नांदल, हिसार से अमित सैनी और करनाल से आशा विनोद वधवा गठबंधन की तरफ से मेयर के लिए प्रत्याशी होंगे।

जानकारी के मुताबिक यमुनानगर के प्रत्याशी बसपा के चुनाव चिन्ह पर चुनाव लड़ेंगे और पानीपत, रोहतक और हिसार के प्रत्याशी इनेलो के पाटी चुनाव चिन्ह पर चुनाव लड़ेंगे जबकि करनाल से मेयर के लिए इनेलो-बसपा गठबंधन ने साझा उम्मीदवार घोषित किया है जो किसी भी दल के चुनाव चिह्न पर चुनाव नहीं लड़ेगा।

बीजेपी पहले ही प्रत्याशियों की लिस्ट जारी कर चुकी है जिसमे करनाल नगर निगम से मेयर के लिए पूर्व मेयर रेनू बाला, रोहतक से मनमोहन गोयल, हिसार से गौतम सरदाना, पानीपत से अवनीत कौर तथा यमुनानगर से मदन चौहान प्रत्याशी के तौर पे उतारा हैl

कांग्रेस ने पहले ही पार्टी सिंबल पर ना लड़ने का ऐलान कर दिया हैl

करनाल, रोहतक, हिसार, पानीपत और यमुनानगर के नगर निगमों व जाखल मंडी (फतेहाबाद) और पुंडरी (कैथल) के नगरपालिकों के सभी वार्डों में पार्षदों व महापौर की सीटों के लिए आगामी 16 दिसंबर को मतदान होने हैंl

चुनाव आयोग के अनुसार 1 दिसंबर से 6 दिसंबर को उम्मीदवारों के नामांकन  भरे जाएंगें। इन सभी स्थानों पर होने वाले मतदान की गणना 19 दिसंबर को सुबह 8 बजे से होगी और गणना पूर्ण होते ही तुरंत परिणाम घोषित किया जाएगा। 

Leave a Comment