इनसो के प्रदेश अध्यक्ष पर जानलेवा हमला





चंडीगढ़,
4 जनवरी, 2019 

इंडियन नैशनल स्टूडेंट आर्गेनाईजेशन (इनसो) के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप देसवाल पर आज रोहतक स्थित महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय परिसर में कुछ युवकों ने हमला कर देसवाल को गंभीर रूप से घायल कर दिया।

प्रदीप देसवाल के सिर में काफी चोट आई है, उन्हें पीजीआई के ट्रॉमा सेंटर में दाखिल करवाया गया जहाँ उनका ईलाज चल रहा है।

घटना दोपहर में लॉ विभाग के नज़दीक की है जब देसवाल पर दर्जनों युवकों ने लाठी व डंडों से हमला कर काफी चोटें पहुंचाई।

सूत्रों के मुताबिक घटना से पहले देसवाल का एक अन्य विद्यार्थी संगठन के नेता के साथ झगड़ा हुआ था जिसके बाद उन पर हमला हुआ।

बहरहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घटनास्थल के आस-पास से सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही हैं।

देशवाल सांसद दुष्यंत चौटाला व दिग्विजय के नज़दीकी हैं, इनेलो से अलग रुख कर जननायक जनता पार्टी (जजपा) के गठन की उनकी मुहीम में देसवाल ने बढ़-चढ़कर साथ दिया है।

इनसो के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिग्विजय चौटाला ने एक बयान में कहा है कि यह छात्रों का आपसी झगड़ा नहीं है बल्कि राजनीतिक लोगों द्वारा सोच समझकर करवाया गया घातक हमला है।

दिग्विजय ने कहा है कि देसवाल पर हुए जानलेवा हमले के पीछे वे सभी राजनीतिक ताकतें हैं जो जननायक जनता पार्टी की जन-जन में बढ़ रही लोकप्रियता से बौखलाए हुए हैं।

इनसो के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि रोहतक पुलिस तुरंत सभी हमलावरों को गिरफ्तार करे और इस वारदात के मास्टरमाइंड को सामने लाए।

दिग्विजय चौटाला ने आरोप लगाया है कि हमलावर युवाओं के सीधे संबंध एक पूर्व मुख्यमंत्री के साथ हैं जो रोहतक में इनसो और जजपा की बढ़ती लोकप्रियता से घबराए हुए हैं।

उन्होंने पुलिस से आरोपियों के 24 घंटों अंदर गिरफ्तार करने की मांग की है। 

Leave a Comment